Publish Date: | Fri, 20 Nov 2020 07:14 PM (IST)
बड़वानी (जेड ए टीवी प्रतिनिधि)। जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण पलटी मार रहा है। अक्टूबर के बाद नवंबर में आधे माह तक कोरोना काफी हद तक कंट्रोल में रहा। वहीं बीते चार दिनों से संक्रमण दर चार गुना बढ़ने लगी है। नवंबर के 20 दिनों में जिले के विभिन्ना स्थानों पर 138 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस दौरान 134 लोग स्वस्थ हुए हैं।
बीते चार दिनों के दौरान जिले में 59 संक्रमित मिलने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में चिंता बढ़ गई है। वहीं प्रशासन द्वारा कोरोना नियमों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। हालांकि प्रदेश शासन से फिलहाल नई गाइड लाइन या नियमों में सख्ती को लेकर कोई बात सामने नहीं आई है। जिले में बीते चार दिनों की स्थिति देखें तो 17 नवंबर को 10, 18 नवंबर को 12, 19 नवंबर को 22 और 20 नवंबर को 15 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
पांच स्थानों पर मिले 15 मरीज
जिले में गुरुवार देर शाम आई रिपोर्ट में पांच स्थानों पर 15 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। वहीं शुक्रवार को आइसोलेशन वार्ड से चार मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दी गई। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 2256 हो गई हैं। इसमें से 2157 लोग उपचार पाकर स्वस्थ हो चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 78 पहुंच गई है। इनका उपचार बड़वानी, सेंधवा और इंदौर के अस्पताल में चल रहा है।
239 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
जिले से भेजे गए सेंपल में से 239 लोगों की रिपोर्ट और निगेटिव प्राप्त हुई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन अनुसार अब तक जिले से 42 हजार 330 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसमें से अब तक 38 हजार 415 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और 2256 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। वहीं 1536 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
कोरोना बुलेटिन 20 नवंबर
अब तक भेजे सैंपल : 42330
निगेटिव : 38415
पॉजिटिव : 2256
अप्राप्त रिपोर्ट : 1536
स्वस्थ हुए : 2157
सक्रिय मरीज : 78
अब तक मौत : 21
नवंबर 20 दिन की स्थिति
सैंपल भेजे : 5856
निगेटिव : 5361
पॉजिटिव : 138
स्वस्थ हुए : 134
Posted By: ZATV NEWS Network